कांवड़ यात्रा मार्ग पर खाद्य प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण, स्वच्छता व गुणवत्ता व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
टिहरी गढ़वाल, 04 अगस्त 2026 | SKS News
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिला पूर्ति विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को संयुक्त टीम ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित आनंदगढ़ (गाजणा) क्षेत्र में शिव कांवड़ सेवा समिति, नया बाजार (दिल्ली) द्वारा संचालित भंडारों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा मानकों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के भंडारण, निर्माण एवं परोसने की व्यवस्था, रसोई की साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, वैधता अवधि, आवश्यक लाइसेंस तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन का गहन निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने भंडारा संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित खाद्य सामग्री का उपयोग करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान समस्त व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
संयुक्त निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन) प्रमोद रावत तथा जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बड़ोनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
16 वर्षों से कांवड़ यात्रियों की सेवा में जुटी समिति
निरीक्षण के दौरान शिव कांवड़ सेवा समिति के पदाधिकारियों अशोक, दिनेश, परवीन एवं लकी ने बताया कि समिति पिछले 16 वर्षों से आनंदगढ़ (गाजणा) में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भंडारे का संचालन कर रही है।
उन्होंने बताया कि समिति केवल कांवड़ यात्रियों की सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि चंबा क्षेत्र के 16 विद्यालयों के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री भी उपलब्ध कराती है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम, प्राथमिक चिकित्सा एवं आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन सहायता की व्यवस्था भी की जाती है।
समिति के पदाधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सेवा शिविर 24 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
