मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 126 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र
सरकार ने साढ़े तीन सालों में 20 हजार से अधिक युवाओं को दी सरकारी नौकरियां
ग्राम पंचायतों का समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए नवनियुक्त अधिकारियों से मुख्यमंत्री की अपील
Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में पंचायतीराज विभाग के अंतर्गत 126 नवनियुक्त ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। पिछले साढ़े तीन सालों में राज्य में 20 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नौकरी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन आपके जीवन में एक नया अध्याय लेकर आया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव चयनित अभ्यर्थी लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई, ग्राम पंचायत के अभिन्न अंग बनकर गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य के समग्र विकास के लिए गांवों का विकास आवश्यक है, और इस दिशा में ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।”
गांवों और शहरों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से शहरों के साथ-साथ गांवों के विकास पर भी प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में सख्त भू-कानून के लिए विधानसभा में विधेयक भी पारित हो चुका है।
उत्तराखण्ड की एकता पर जोर
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के निर्माण के मूल उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे आन्दोलनकारियों ने राज्य के निर्माण का सपना इसलिए देखा था ताकि विकास अंतिम छोर तक पहुंचे। उन्होंने सभी उत्तराखण्डवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं और एकजुट होकर राज्य के विकास में योगदान दें।
उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि उत्तराखण्ड की एकता के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई मंत्री, विधायक, सांसद या आम नागरिक ही क्यों न हो। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सभी प्रकार के भड़काऊ बयानों को गंभीरता से लिया जाएगा और उत्तराखण्ड की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समारोह में महत्वपूर्ण गणमान्य लोग उपस्थित
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, श्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्री खजानदास, श्रीमती सविता कपूर, श्री बृजभूषण गैरोला, एकल सदस्यीय समर्पित आयोग के अध्यक्ष श्री बी.एस वर्मा, सचिव पंचायतीराज श्री चन्द्रेश यादव, और निदेशक पंचायतीराज श्रीमती निधि यादव उपस्थित थे।
