स्वतंत्रता दिवस पर धराली में ध्वजारोहण, आपदा प्रभावितों को मिला संबल और सहायता का आश्वासन
राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई, मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय में हुए समारोह, आपदा प्रभावितों के पुनर्वास का भरोसा
देहरादून। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी और माँ भारती की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले महानायकों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के धराली और अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक पहचान में हुई वृद्धि और ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में नवनिर्माण और पुनर्निर्माण के कार्य तेजी से हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आगामी 25 वर्षों की विकास योजनाओं पर कार्य कर रही है और जनसहयोग से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
सचिवालय में मुख्य सचिव ने फहराया तिरंगा
मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह दिन उन असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने हमें आजादी का अमूल्य उपहार दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध है। यह केवल संकल्पना नहीं बल्कि इसे साकार करने के लिए कठोर परिश्रम हो रहा है। उन्होंने राज्य की हाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप 2047 तक उत्तराखंड को मैन्युफैक्चरिंग हब, स्किल हब, आयुष प्रदेश और वैश्विक पर्यटन डेस्टिनेशन बनाने के लिए प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि पहाड़ी फसलें, मोटे अनाज और स्थानीय उत्पाद राज्य की आजीविका को नई दिशा दे सकते हैं। मुख्य सचिव ने सभी से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों को ईमानदारी, दक्षता और नवाचार की भावना के साथ निभाएं, ताकि राष्ट्र के सपनों को साकार किया जा सके और हर निर्णय देश की प्रगति एवं जनता के कल्याण में योगदान दे।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री एल. फैनई, श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिवगण, अपर सचिवगण एवं सचिवालय प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
79वें स्वतंत्रता दिवस पर धराली में ध्वजारोहण, आपदा प्रभावितों को मिला संबल और सहायता का आश्वासन
IG अरुण मोहन जोशी ने समेश्वर देवता मंदिर प्रांगण में फहराया तिरंगा, शहीदों को श्रद्धांजलि और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त
उत्तरकाशी जनपद के धराली गाँव में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आपदा प्रभावित ग्रामीणों और राहत-बचाव कार्यों में जुटे कर्मियों ने एक साथ मिलकर देशभक्ति का अनोखा संदेश दिया। समेश्वर देवता मंदिर प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में एसडीआरएफ के आईजी अरुण मोहन जोशी ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित जनसमूह को आपदा प्रभावितों के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान आपदा में मृत लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ग्रामीणों और अधिकारियों ने एकजुटता का परिचय दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित आपदा प्रभावितों ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। साथ ही आपदा के असर से शीघ्र उबरने और सामान्य स्थिति बहाल करने का भी प्रण लिया। ग्रामीणों और उपस्थित अतिथियों ने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे विभागों, विभिन्न एजेंसियों और विशेष रूप से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
