जल जीवन मिशन के तहत आनंद चौक क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान हेतु मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने जलाशय व पंपिंग स्टेशन का लिया जायजा, ग्रामीणों की मांगों पर दिए आवश्यक निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 30 अगस्त 2025।
जनपद टिहरी गढ़वाल के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरुणा अग्रवाल ने 29 अगस्त को जौनपुर विकासखंड में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित आनंद चौक ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने हटवाल गांव के समीप बने मुख्य पंपिंग स्टेशन एवं 4.5 एम.एल.डी. क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का जायजा लेकर जल शोधन और पंपिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही आनंद चौक हेतु निर्मित जलाशय से हो रही जल आपूर्ति की स्थिति का भी अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर योजना की प्रगति और जल आपूर्ति की स्थिति जानी। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी, सीडीओ एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही कुछ दूरस्थ घरों में कम जलापूर्ति की समस्या पर अतिरिक्त टैंक और पाइपलाइन की मांग रखी गई, जिस पर सीडीओ ने पेयजल निगम को संशोधित प्राक्कलन की स्वीकृति उपरांत आवश्यक प्रावधान करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रतिनिधियों ने सीडीओ के समक्ष कई जनसमस्याएं भी रखीं, जिनमें हटवाल गांव का क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग, राजकीय इंटर कॉलेज मरोड़ा की सुरक्षा दीवार, ग्राम मझगांव में भूस्खलन से आवासीय भवनों पर खतरा, एवं आनंद चौक इंटर कॉलेज की क्षतिग्रस्त छत व सुरक्षा दीवार की समस्या प्रमुख रही। मुख्य विकास अधिकारी ने इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उपस्थित रहे:
- जिला पंचायत सदस्य सीता देवी मनवाल
- ग्राम प्रधान करिश्मा देवी
- जनप्रतिनिधि वीरपाल सिंह कठैत, देवेंद्र सिंह राणा, मीना देवी, जयसिंह अजवाण (पूर्व प्रधान)
- अधीक्षण अभियंता उत्तराखंड पेयजल निगम संदीप कश्यप
- अधिशासी अभियंता के.एन. सेमवाल, दीप्तांशु पांडे
- सहायक अभियंता राजवीर राणा, सुभाष कोटनाला
- अपर सहायक अभियंता सुशील सेमेल्टी, हपशिबा कुमारी
सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

