जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल अध्यक्ष राकेश राणा ने की घोषणा, कहा– नरेश बिष्ट कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने में निभाएँगे महत्वपूर्ण भूमिका
टिहरी गढ़वाल, 30 अगस्त 2025।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल को संगठनात्मक मज़बूती प्रदान करने के उद्देश्य से नरेश बिष्ट को जिला सचिव नियुक्त किया गया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश राणा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जानकारी दी।
नरेश बिष्ट, जो प्रतापनगर प्रधान संगठन के पूर्व पदाधिकारी एवं रेका ग्राम पंचायत के निवृत्तमान प्रधान भी रहे हैं, लंबे समय से संगठनात्मक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं। उनकी इसी प्रतिबद्धता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें यह ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।
अध्यक्ष राकेश राणा ने विश्वास व्यक्त किया कि नरेश बिष्ट कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा को आमजन तक पहुँचाने में अहम योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि बिष्ट अब अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, तथा प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी के हाथों को मज़बूत करेंगे।
राणा ने यह भी कहा कि नरेश बिष्ट समाज के दबे-कुचले वर्ग की आवाज बनकर उन्हें बराबरी का हक दिलाने के लिए कांग्रेस संगठन के साथ मिलकर संघर्ष करेंगे। साथ ही वे राहुल गांधी द्वारा देशभर में चल रही न्याय यात्रा में सक्रिय सहयोगी की भूमिका निभाएँगे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि नरेश बिष्ट की नियुक्ति से न केवल प्रतापनगर क्षेत्र में संगठन और मज़बूत होगा बल्कि जिला कांग्रेस कमेटी को भी नयी ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
