प्राचार्य डॉ. संजेश कुमार ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए सभी को नियमित योगाभ्यास की दी प्रेरणा
पौड़ी गढ़वाल, मजरा महादेव।
राजकीय महाविद्यालय, मजरा महादेव में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने योग के महत्व को समझते हुए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजेश कुमार ने कहा कि योग विश्व को भारत की ओर से दिया गया एक अनमोल उपहार है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति भी प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि 21 जून को हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन इस उद्देश्य से किया जाता है कि लोग योग के लाभों को अपनाएं और इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों डॉ. इंद्रपाल सिंह रावत, डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. गजराज नेगी, डॉ. अंकित कुमार सिंह, डॉ. चन्द्र बल्लभ नैनवाल एवं डॉ. आशीष घिल्डियाल ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके अलावा शिक्षणेतर कर्मचारियों में उदयराम पंत, विक्रम सिंह रावत, वीरेन्द्र सिंह, सुनील सिंह और मनोज रावत ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
