आगामी चुनावों की तैयारी को लेकर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक, एजेंट सूची प्रस्तुत करने को कहा
टिहरी/दिनांक 08 अगस्त, 2025
आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का विषय था — मतदेय स्थलीय एजेंटों की नियुक्ति। इसमें जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी ने जानकारी दी कि अब तक केवल एक राजनीतिक दल ने अपने एजेंटों की सूची निर्वाचन कार्यालय को सौंपी है। उन्होंने अन्य दलों से अपील की कि वे शीघ्रता से प्रत्येक मतदेय स्थल के लिए एजेंटों की सूची उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची के क्रॉस चेकिंग का कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी दलों को निर्देशित किया कि वे पार्टी स्तर पर चर्चा कर जल्द से जल्द प्रत्येक पोलिंग बूथ हेतु एजेंट नियुक्त करें और उनकी सूची निर्वाचन कार्यालय को सौंपें।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा, जिस पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया।
इस बैठक में सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एडीएम अवधेश कुमार, एसडीएम संदीप कुमार, बसपा से सुशील पांडे, भोला लाल व वीरेंद्र, कांग्रेस पार्टी से गब्बर सिंह रावत व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, भाजपा से जयेंद्र पंवार, राम लाल नौटियाल, तथा एजेंट राजेंद्र प्रसाद सहित अन्य अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
