राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीएम टिहरी ने दिलाई मतदान की शपथ
🔴 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर ‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’ थीम के तहत हुए कार्यक्रम, बीएलओ व मतदाताओं को किया सम्मानित
📰 टिहरी | 25 जनवरी 2026
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जनपद मुख्यालय नई टिहरी स्थित जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की। कार्यक्रम की थीम “वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम” रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात जिला निर्वाचन कार्यालय के तत्वावधान में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को मतदान की शपथ दिलाई गई।
🗳️ नव मतदाताओं को मिले वोटर कार्ड
इस अवसर पर 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके नव पंजीकृत युवा मतदाताओं
माधुरी एवं दिव्यम नेगी को जिलाधिकारी द्वारा मतदाता पहचान पत्र (वोटर कार्ड) प्रदान किए गए।

🏅 बीएलओ, वरिष्ठ व दिव्यांग मतदाताओं का सम्मान
आगामी विशेष संघन पुनरीक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही—
- 85+ आयु वर्ग की वरिष्ठ मतदाता ऐला देवी,
- जिला मतदाता आइकन वीरेंद्र राजपूत,
- दिव्यांग मतदाता आइकन रोशन लाल
को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
🎨 प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध, स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में जनपद स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान जिला मतदाता आइकन वीरेंद्र राजपूत एवं दिव्यांग मतदाता आइकन रोशन लाल द्वारा मतदान जागरूकता पर आधारित स्वरचित गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
🗣️ डीएम नितिका खण्डेलवाल का संदेश
जिलाधिकारी ने सभी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा—
“लोकतंत्र की असली शक्ति मतदाता हैं। बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की रीढ़ हैं। सभी को पूर्ण निष्ठा से कार्य करते हुए लोकतंत्र के इस उत्सव में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे हर चुनाव में अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें तथा सम्मानित बीएलओ से अन्य कार्मिकों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
📊 जनपद में मतदाताओं की स्थिति
मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल स्वीप वरुणा अग्रवाल ने बीएलओ को शुभकामनाएं देते हुए उनके दायित्वों की जानकारी दी और मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
वहीं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी ने बताया कि—
- जनपद में कुल 5,21,028 मतदाता हैं
- जिनमें 10,938 नव मतदाता शामिल हैं
👥 कार्यक्रम में रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसडीएम टिहरी स्नेहिल कुंवर, डीडीओ मो. असलम, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
