विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की तैयारियों की समीक्षा, निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव ने दिए जरूरी निर्देश
टिहरी में 93.98% मैपिंग कार्य पूर्ण, बीएलओ प्रशिक्षण और दस्तावेजीकरण पर विशेष जोर
टिहरी गढ़वाल, 26 मई 2026, SKS News।
भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एस. बी. जोशी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर निर्वाचन संबंधी तैयारियों, प्रगति और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने जानकारी दी कि जनपद में निर्वाचन संबंधी प्रिंटिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही सभी ईआरओ, एईआरओ एवं नामित नोडल अधिकारियों की तैयारियों और दायित्वों की जानकारी भी साझा की गई।
उन्होंने बताया कि जनपद में 93.98 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी संपन्न कर ली गई है। जनपद में कुल 963 पोलिंग स्टेशन हैं, जिनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रधान सचिव एस. बी. जोशी ने सभी अधिकारियों को बीएलओ प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी सभी दस्तावेजीकरण कार्यों को पूर्ण सावधानी और पारदर्शिता के साथ करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान प्रधान सचिव ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संविधान के अनुच्छेद 325 एवं 326 से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने Representation of the People Act, 1950 के विभिन्न प्रावधानों से भी अधिकारियों को अवगत कराया।
उन्होंने विशेष रूप से धारा 16 के अंतर्गत अयोग्यता (Disqualification), धारा 19 के तहत मतदाता सूची में पंजीकरण की शर्तें, धारा 22 में नामों के संशोधन, जोड़ एवं विलोपन तथा धारा 24 में अपील व्यवस्था की जानकारी दी। इसके अलावा धारा 31 के तहत एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज पाए जाने की स्थिति में एक वर्ष तक की सजा जैसे दंडात्मक प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
प्रधान सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपादित किया जाए।
बैठक में एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एसडीएम घनसाली मंजू, एसडीएम धनौल्टी नीलू, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष, डीडीओ मो. असलम, सीएओ विजय देवराड़ी, सूचना एवं विज्ञान अधिकारी शिवम त्रिपाठी, एआरटीओ सतेंद्र राज, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

