नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू, जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किए निर्देश
मतगणना समाप्ति तक संबंधित क्षेत्रों में लागू रहेगी आदर्श आचार संहिता, निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन अलर्ट
टिहरी गढ़वाल, 26 मई 2026, SKS News।
नितिका खण्डेलवाल द्वारा निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड की अधिसूचना दिनांक 25 मई 2026 के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल की नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के सामान्य निर्वाचन को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में जारी निर्देशों के अनुसार, नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर एवं संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में अधिसूचना जारी होने की तिथि से लेकर मतगणना समाप्ति तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशासन द्वारा निर्वाचन क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों एवं आम नागरिकों से भी आदर्श आचार संहिता का पालन करने की अपील की है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुचारू और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
