श्रीमद्भागवत कथा श्रवण से जीवन होता है धन्य : शूरवीर सिंह सजवाण
बुरांसवाड़ी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया, नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने पर दिया गया जोर
चम्बा। SKS News.
नगर पालिका परिषद चम्बा अंतर्गत बुरांसवाड़ी वार्ड नंबर–7 में नवदुर्गा कीर्तन मंडली द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त किया और भक्तिमय वातावरण में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लिया।
व्यास पीठ पर विराजमान विद्वान आचार्य श्री महेश कृष्ण चमोली ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण मनुष्य जीवन को पवित्र एवं धन्य बना देता है। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से व्यक्ति के पापों का नाश होता है तथा उसके जीवन में धर्म, भक्ति और संस्कारों का संचार होता है। आचार्य ने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सद्मार्ग की ओर प्रेरित करने वाला आध्यात्मिक माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री Shoorveer Singh Sajwan ने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति एवं भारतीय परंपराओं से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को कथा एवं धार्मिक आयोजनों से जोड़ना चाहिए, ताकि उनमें नैतिकता, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था मजबूत हो सके।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व अध्यक्ष राकेश राणा एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र चंद्र रमोला ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है। कथा श्रवण से व्यक्ति के भीतर प्रेम, करुणा, सद्भाव और समाज कल्याण की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंबिका सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शोभना धनौला, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुन्ना रमोला, नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं सभासद शक्ति प्रसाद जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, प्रधान श्रीमती लक्ष्मी रावत, नगर अध्यक्ष श्रीमती अनीता रावत, पूर्व प्रमुख रजनी सजवान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजवीर सिंह भंडारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष साहब सिंह सजवान, सामाजिक कार्यकर्ता नरेश रावत, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष गब्बर सिंह रावत, सोमवारी लाल सकलानी, नरेश पैन्यूली, ममता सजवान, जयपाल सिंह मखलोगा, सभासद महेश पनौली, अरविंद मखलोगा, विक्रम सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार हेतु नवदुर्गा कीर्तन मंडली, सभासद बहन रजनी गैरोला एवं शक्ति प्रसाद जोशी द्वारा सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।
