सड़क दुर्घटना में घायल की जान बचाने वाले अनन्त राम अन्थवाल हुए सम्मानित, राहवीर योजना के तहत मिला पुरस्कार
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, ब्रह्मानंद मोड़ पर दुर्घटनाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 30 मई 2026, SKS News।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में शनिवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय रहते सहायता कर मानवता का परिचय देने वाले अनन्त राम अन्थवाल को “राहवीर योजना” के अंतर्गत सम्मानित किया गया।
सड़क दुर्घटना में घायल की सहायता कर बचाई जान
बैठक में थानाध्यक्ष घनसाली द्वारा प्रेषित पत्र के आधार पर बताया गया कि ग्राम अन्थवाल गांव, घनसाली निवासी अनन्त राम अन्थवाल ने दिनांक 17 मई 2025 को घनसाली क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रदीप नामक व्यक्ति को बिना किसी देरी के अपने निजी वाहन से पिलखी अस्पताल पहुंचाया था। उनकी तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण घायल को समय पर उपचार मिल सका।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), नई टिहरी ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार की “राहवीर योजना” के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर के दौरान अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रदान किया जाता है। योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना और आम नागरिकों को मानवीय सहयोग के लिए प्रेरित करना है।
ब्रह्मानंद मोड़ पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर जताई चिंता
बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने ब्रह्मानंद मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग एवं उपजिलाधिकारी को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर समयबद्ध तरीके से प्रभावी सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त अनुपालन के निर्देश
जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस, परिवहन विभाग एवं प्रशासन को संयुक्त रूप से सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा आम जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक किया जाए।
मानसून से पहले तैयार रहें विभाग
आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं अन्य सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील मार्गों पर आवश्यक मशीनरी, मानव संसाधन एवं उपकरणों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि वर्षाकाल के दौरान सड़कें सुरक्षित एवं यातायात योग्य बनी रहें, इसके लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार रहें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी अपील की कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की यथासंभव सहायता करें तथा स्वयं भी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सड़क संस्कृति को बढ़ावा दें।
