टिहरी: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की प्राथमिकता
टिहरी, 25 फरवरी 2025
जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय में सड़क सुरक्षा एवं सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की प्राथमिकता
बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि विभिन्न स्थानों पर स्पीड डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएं और औटोमेटिक चालान की व्यवस्था लागू की जाए। एनएच-07 (तोताघाटी) और एनएच-34 (ताछला) पर स्पीड डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सड़कों की मरम्मत और सुरक्षा पर जोर
जिलाधिकारी ने बीआरओ अधिकारियों को निर्देशित किया कि नरेन्द्रनगर के पास क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत यात्रा सीजन से पहले पूरी कर ली जाए। हिण्डोलाखाल में भूस्खलन क्षेत्र में सड़क की मरम्मत भी जल्द से जल्द पूरी करने को कहा गया। साथ ही, सभी निर्माण स्थलों पर प्रोजेक्ट बोर्ड और यातायात सुरक्षा के लिए बोर्ड, टेप और फ्लैग लगाने के निर्देश दिए गए।
रात्री निर्माण कार्यों पर निगरानी और मलवा प्रबंधन
बैठक में रात्री के समय सड़क किनारे निर्माण कार्यों के मलवे की शिकायत पर, जिलाधिकारी ने पुलिस बल सहित रात्री गश्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही, नाली और मलवा सफाई, तेज गति पर रोक, हेलमेट अनिवार्यता, शराब पीकर वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई पर चर्चा हुई।
वाहन दुर्घटनाओं पर विस्तृत समीक्षा
जिलाधिकारी ने जनवरी 2025 में जिले में हुई वाहन दुर्घटनाओं का थानेवार, क्षेत्रवार और समयवार तुलनात्मक विवरण लिया और पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता मनोज बिष्ट, एआरटीओ सत्येन्द्रराज, पुलिस और लोनिवि के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
