समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प: हरीश भंडारी
एम्स ऋषिकेश ने खाड़ी में आयोजित किया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 200 से अधिक लोगों का हुआ चेकअप
टिहरी, 08 मार्च 2025:
कुंजनी पट्टी के मुख्य बाजार खाड़ी में शहीद रविंद्र रावत और शहीद अजय रौतेला द्वार पर पहली बार एम्स ऋषिकेश द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एम्स के चिकित्सकों ने 200 से अधिक लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। जनरल मेडिसिन, पेन मेडिसिन, हड्डी रोग, और ब्लड जांच सहित विभिन्न चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में निशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का संकल्प
इस आयोजन के प्रमुख, हरीश भंडारी, ने कहा कि वे और उनकी टीम लंबे समय से इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में जुटी हुई है। अब तक शहरों और दूर-दराज के इलाकों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं, लेकिन अब उनका लक्ष्य प्रत्येक पट्टी और गांव तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का है। उन्होंने अपने गृह क्षेत्र खाड़ी, कुंजनी पट्टी से इस प्रयास की शुरुआत की है और इस काम को निरंतर जारी रखने का वादा किया है।
समाज से सहयोग का आभार
हरीश भंडारी ने बताया कि उन्हें इस कार्य में अपने समाज के अग्रणी व्यक्तियों से भरपूर सहयोग मिला, जिनमें प्रमुख नाम शीशपाल सजवान, बिशन सिंह भंडारी, शिवराज सिंह मियां, अनिल भंडारी, सुरजीत रौतेला, और संदीप पेनोली का है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के जबरदस्त सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के लिए सहयोग की अपेक्षा की।
