सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर आयुक्त आनंद स्वरूप सख्त, जनता मिलन में 80 प्रकरणों की सुनवाई
समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 03 अगस्त 2026 | SKS News
गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई। कार्यक्रम के दौरान कुल 80 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आयुक्त को सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की प्रगति से अवगत कराया। आयुक्त ने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एक शिकायतकर्ता से स्वयं दूरभाष पर बात कर शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। वहीं श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबंधित अधिक शिकायतें मिलने पर विश्वविद्यालय प्रशासन को सार्वजनिक हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा शिकायतों का विश्लेषण कर समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
दोबारा शिकायत लेकर पहुंचे फरियादियों पर चिंता
आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि कई शिकायतकर्ता पूर्व में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समाधान न होने के कारण दोबारा जनता मिलन में पहुंचे हैं, जो गंभीर विषय है। उन्होंने विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग, बीआरओ, मुआवजा, प्रतिकर एवं सड़क निर्माण से संबंधित मामलों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इन विभागों से जुड़ी सबसे अधिक शिकायतें
जनता मिलन में पुनर्वास, आपदा से क्षतिग्रस्त मकान, सड़क निर्माण, विद्युत, पेयजल, संचार, राशन वितरण, आर्थिक सहायता, दिव्यांग प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विवाह अनुदान तथा मुआवजा वितरण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
आयुक्त ने मानसून के दौरान सड़कों की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने तथा भविष्य की बैठकों में उनकी अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उठाए महत्वपूर्ण मुद्दे
जिला पंचायत सदस्य विजयपाल सिंह रावत ने जाखणीधार क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने, खैट पर्वत एवं पीढ़ी मंदिर मार्ग में सुधार, खेल मैदान विस्तार तथा लंबित मुआवजा प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।
वहीं प्रतापनगर निवासी अमित सिंह ने अपनी आभूषण दुकान में हुई चोरी के बाद सामान बरामद न होने का मामला उठाया। आयुक्त ने इस प्रकरण को आईजी गढ़वाल के संज्ञान में लाने की बात कही।
घनसाली की सोहनलता रावत ने खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की, जबकि विवेकानंद सकलानी ने वृक्ष मानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी की विरासत संरक्षण एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की पेंशन से संबंधित विषय उठाए।
इसके अतिरिक्त कृषि ऋण, विवाह अनुदान, श्रमिक पंजीकरण, सड़क कटान मुआवजा एवं अन्य सामाजिक योजनाओं से जुड़े मामलों पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, डीएफओ पुनीत तोमर, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
