टिहरी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समीक्षा, दावे-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, 79% नोटिस वितरित
टिहरी गढ़वाल, 04 अगस्त 2026 | SKS News
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम की प्रगति को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, नोटिस वितरण तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चल रही प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र प्रविष्टियों को हटाने, प्राप्त प्रपत्रों के सत्यापन तथा जारी नोटिसों पर की जा रही सुनवाई की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
राजनीतिक दलों ने भी दिए सुझाव
बैठक में उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा अपने-अपने दलों द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता एवं सहयोगात्मक कार्यों की जानकारी साझा की।
जनपद में 4.63 लाख से अधिक मतदाता
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद टिहरी गढ़वाल की छह विधानसभा क्षेत्रों—घनसाली, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, प्रतापनगर, टिहरी एवं धनोल्टी में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है।
जनपद में कुल 994 मतदान केंद्र तथा 4,63,628 प्रारूप मतदाता दर्ज हैं। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 43,625 अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए, जबकि बीएलओ द्वारा 1,17,501 नोटिस जारी किए गए। इनमें से 92,473 नोटिस, अर्थात लगभग 79 प्रतिशत, संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।
दावे-आपत्तियों के लिए 72 एईआरओ तैनात
दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए जनपद में 72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AEROs) की तैनाती की गई है। चार विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई 3 अगस्त से तथा शेष दो विधानसभा क्षेत्रों में 4 अगस्त 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।
फॉर्म-6 के 3,085 आवेदन प्राप्त
समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि 14 मई 2026 से अब तक जनपद में—
- फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु) : 3,085 आवेदन
- फॉर्म-6A : 3 आवेदन
- फॉर्म-7 (नाम विलोपन) : 50 आवेदन
- फॉर्म-8 (संशोधन) : 1,462 आवेदन
प्राप्त हुए हैं, जिन पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
मतदाताओं से की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि यदि उनके नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है या कोई दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करनी है, तो निर्धारित अवधि के भीतर अपने संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सुशील पाण्डेय, मुरारी लाल खंडवाल, गबर सिंह, जयेन्द्र पंवार एवं राजेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
