चिकित्सा शिक्षा विभाग ने शासन को भेजा भर्ती प्रस्ताव, मेडिकल कॉलेजों में दूर होगी असिस्टेंट प्रोफेसर की कमी
देहरादून | 13 जनवरी 2026
प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शीघ्र ही 365 असिस्टेंट प्रोफेसरों की सीधी भर्ती की जाएगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने संकायवार रोस्टर सहित भर्ती प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। शासन स्तर से स्वीकृति मिलते ही उक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधियाचन उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजा जाएगा।
यह जानकारी प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में दी।
सभी मेडिकल कॉलेजों में शत-प्रतिशत स्थायी फैकल्टी का लक्ष्य
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों में 100 प्रतिशत स्थायी फैकल्टी की नियुक्ति करना है। इसी क्रम में सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के श्रीनगर, हल्द्वानी, देहरादून, अल्मोड़ा, हरिद्वार, रुद्रपुर और पिथौरागढ़ स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेजों में 27 संकायों के अंतर्गत असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त 365 पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी।
आरक्षण श्रेणी के अनुसार रिक्त पद
चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा तैयार संकायवार रोस्टर में बैकलॉग के पदों को भी शामिल किया गया है। आरक्षण श्रेणी के अनुसार रिक्त पदों का विवरण इस प्रकार है—
अनुसूचित जाति (SC) – 115 पद
अनुसूचित जनजाति (ST) – 10 पद
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) – 67 पद
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) – 37 पद
अनारक्षित (UR) – 136 पद
डॉ. रावत ने बताया कि वर्तमान में राजकीय मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 567 पद स्वीकृत हैं, जिनके सापेक्ष केवल 202 स्थायी असिस्टेंट प्रोफेसर कार्यरत हैं, जबकि 365 पद रिक्त हैं। इन पदों पर चयन बोर्ड द्वारा शीघ्र ही भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
नई नियुक्तियों से शिक्षा गुणवत्ता में होगा सुधार
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नए असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति से मेडिकल कॉलेजों में संकाय सदस्यों की कमी दूर होगी। इससे न केवल मेडिकल छात्रों को अनुभवी और योग्य फैकल्टी का लाभ मिलेगा, बल्कि चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
इन विभागों में होगी मेडिकल फैकल्टी की भर्ती
प्रदेश के सात राजकीय मेडिकल कॉलेजों में निम्नलिखित विभागों में 365 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रस्तावित है—
एनाटॉमी, बायोकैमिस्ट्री, ब्लड बैंक, फोरेंसिक मेडिसिन – 8 पद
फिजियोलॉजी – 13 पद
पैथोलॉजी – 18 पद
माइक्रोबायोलॉजी, डर्मेटोलॉजी – 6-6 पद
फार्माकोलॉजी – 12 पद
कम्युनिटी मेडिसिन – 21 पद
जनरल मेडिसिन – 49 पद
टीबी एंड चेस्ट, ऑप्थलमोलॉजी – 5-5 पद
साइकियाट्री, डेंटिस्ट्री – 3-3 पद
पीडियाट्रिक्स – 19 पद
जनरल सर्जरी – 44 पद
ऑर्थोपेडिक्स, रेडियोडायग्नोसिस – 17-17 पद
ईएनटी, इमरजेंसी मेडिसिन, फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन, वायरोलॉजी – 7-7 पद
ऑब्स एंड गायनी – 37 पद
रेडियोथेरेपी – 8 पद
एनेस्थीसियोलॉजी – 20 पद
स्टेटिशियन – 2 पद
