छात्र-छात्राओं ने कंप्यूटर के विविध आयामों और ऊर्जा संरक्षण पर दी प्रभावशाली प्रस्तुतियां
टिहरी | 13 जनवरी 2026
जनपद टिहरी गढ़वाल स्थित राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में कंप्यूटर एंड एजुकेशन विषय के छात्र-छात्राओं द्वारा पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन कार्यक्रम आयोजित कर नए शैक्षणिक सत्र का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने तकनीकी ज्ञान, प्रस्तुतीकरण कौशल और पर्यावरणीय चेतना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
तकनीकी दक्षता व पर्यावरणीय जागरूकता रहा कार्यक्रम का उद्देश्य
शिक्षाशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता जोशी बिज्लवाण ने बताया कि शिक्षाशास्त्र विषय के छात्र-छात्राओं द्वारा कंप्यूटर के विभिन्न आयामों तथा ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर पीपीटी प्रस्तुतियां दी गईं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, प्रस्तुतीकरण कौशल तथा पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का विकास करना है।
प्राचार्य ने की पहल की सराहना
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने कार्यक्रम की सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम संयोजिका डॉ. संगीता जोशी बिज्लवाण को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, प्रायोगिक सोच और तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करती हैं।
छात्रों की प्रस्तुतियों को मिली सराहना
छात्र-छात्राओं ने कंप्यूटर से जुड़े विविध विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं तथा ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए। उपस्थित प्राध्यापकों ने इन गतिविधियों को विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास की दिशा में उपयोगी बताया।
निर्णायक मंडल व तकनीकी सहयोग
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. ईरा सिंह, डॉ. मीना एवं योगा प्रशिक्षक रघुवीर शामिल रहे।
कार्यक्रम का तकनीकी संचालन आशीष एवं मनीषा द्वारा किया गया, जबकि हितेश ने छायांकन का दायित्व निभाया।
इन छात्र-छात्राओं ने दी प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में मीनाक्षी, मोनिका, शिवानी, अंशिका, आयुषी सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर अपनी प्रस्तुतियां प्रस्तुत कीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
