खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में केंद्रीय औषधि भंडारण डिपो का निरीक्षण, वेंटिलेशन व स्वच्छता सुधारने के निर्देश जारी।
टिहरी गढ़वाल/25 सितम्बर, 2025।
स्पूरीयस (नकली/मानकहीन) दवाइयों की रोकथाम के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड द्वारा जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में औचक निरीक्षण कार्यवाही की गई।
वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी० पी० नेगी और औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने केंद्रीय औषधि भण्डारण डिपो (CMSD), न्यू टिहरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डिपो में भंडारित औषधियों से 06 दवाओं के नमूने लेकर उन्हें राजकीय औषधि विश्लेषणशाला, देहरादून भेजा गया।
निरीक्षण टीम ने डिपो के कर्मचारियों को औषधियों के उचित रखरखाव हेतु दिशा-निर्देश दिए और किसी भी दवा की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर तत्काल औषधि प्रशासन को सूचित करने के निर्देश प्रदान किए।
साथ ही, निरीक्षण में स्टोर परिसर में वेंटिलेशन (वायु-संचार) की कमी पाई गई। औषधियों की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु वेंटिलेशन व्यवस्था सुनिश्चित करने और नियमित साफ-सफाई दुरुस्त रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
