हरेला महोत्सव 2026: देहरादून में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण, पूरे उत्तराखंड में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने मालदेवता में किया रुद्राक्ष का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
देहरादून, 16 जुलाई 2026 | SKS News, रिपोर्ट: डॉ. शोभा राम उनियाल
उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर गुरुवार को पूरे प्रदेश में उत्साह एवं पारंपरिक उल्लास के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। “हर गाँव का यही पैगाम – एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत देहरादून के मालदेवता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वन, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह तथा रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रदेश में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि हरेला प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन पर्व है। उन्होंने बताया कि हरेला पर्व के अवसर पर पूरे प्रदेश में 10 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि वर्ष 2026 में 2 करोड़ पौधारोपण का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन को जनआंदोलन बनाना है।
वृक्षारोपण के साथ संरक्षण भी जरूरी
वन मंत्री ने कहा कि वृक्ष लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उनका संरक्षण है। पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधे बड़े होकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि वृक्ष, नदियां और वन्यजीव हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं तथा जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के लिए वृक्षों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने पर भी जोर
सुबोध उनियाल ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना तथा वनों की सुरक्षा करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। वन विभाग जनसहभागिता के माध्यम से वन संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर प्राप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जनप्रतिनिधियों ने भी किया आह्वान
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह तथा विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने अपने संबोधन में अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और पौधों के संरक्षण को सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने की अपील की।
भाजपा नेता एवं पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा ने भी देहरादून एवं हरिद्वार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता का आह्वान किया।
40 वन प्रभागों के 3791 स्थानों पर चल रहा अभियान
वन विभाग के अनुसार हरेला महोत्सव के अवसर पर प्रदेश के 40 वन प्रभागों के 3,791 स्थलों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जा रहा है, जिससे हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
जिला न्यायालय परिसर में भी चला वृक्षारोपण अभियान
हरेला पर्व के अवसर पर नव-निर्मित जिला न्यायालय परिसर, देहरादून में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के तत्वावधान में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश हरीश कुमार गोयल ने किया। इसमें न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दिलाया हरियाली का संकल्प
लोकपर्व हरेला के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया।
थानों रेंज में भी चला व्यापक पौधारोपण अभियान
वन विभाग की थानों रेंज के अंतर्गत भोपालपानी, कालूवाला, जौली, भोगपुर, थानों एवं लडवाकोट सहित विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, जिला पंचायत सदस्य मीना मनवाल, सुभाष मनवाल, ग्राम प्रधान रघुवीर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
रेंज अधिकारी एन.एल. डोभाल ने कहा कि लगाए गए पौधों का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और सभी से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव (वन) आर.के. सुधांशु, मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल डॉ. धीरज पांडेय, प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) नीना ग्रेवाल, प्रमुख वन संरक्षक (वन पंचायत) एस.पी. सुबुद्धि, अपर प्रमुख वन संरक्षक विवेक पांडेय, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, डीएफओ नीरज शर्मा, डीएफओ मसूरी अमित कुमार, डीएफओ कालसी वैभव कुमार सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
