एएआई और संबद्ध विमानन प्राधिकरणों ने उत्तर और पश्चिम भारत के हवाई अड्डों तथा उड़ान मार्गों को लेकर जारी किया नोटम
नई दिल्ली। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और संबद्ध विमानन प्राधिकरणों ने 9 से 14 मई 2025 तक उत्तर और पश्चिम भारत के 32 हवाई अड्डों पर सभी प्रकार की नागरिक उड़ान सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। इस निर्णय की जानकारी नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) की एक श्रृंखला के माध्यम से दी गई है।
प्रभावित हवाई अड्डों की सूची में अधमपुर, अमृतसर, श्रीनगर, चंडीगढ़, जोधपुर, लेह, जैसलमेर, शिमला, कुल्लू-मनाली, पठानकोट, जम्मू, और बीकानेर जैसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हवाई अड्डे शामिल हैं।
AAI के अनुसार, यह कदम परिचालन कारणों से उठाया गया है और इस दौरान सभी नागरिक उड़ानें स्थगित रहेंगी। यह अस्थायी निलंबन 15 मई 2025 को सुबह 5:29 IST तक लागू रहेगा।
इसके साथ ही दिल्ली और मुंबई फ्लाइट इनफॉर्मेशन रीजन (FIR) के अंतर्गत आने वाले 25 प्रमुख एयर ट्रैफिक सर्विस (ATS) रूट्स भी इसी अवधि तक बंद रहेंगे। यह निर्णय नोटम G0555/25 के माध्यम से लिया गया है, जो पहले के नोटम G0525/25 को प्रतिस्थापित करता है।
एयरलाइंस और फ्लाइट ऑपरेटरों को वैकल्पिक रूटिंग की योजना बनाने और स्थानीय एटीसी इकाइयों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और संभावित व्यवधानों को न्यूनतम किया जा सके।
🔻 प्रभावित हवाई अड्डों की संपूर्ण सूची:
अधमपुर, अम्बाला, अमृतसर, अवंतीपुर, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर), लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस, उत्तरलाई।
