मुख्यमंत्री ने अफ़वाहों से बचने की अपील की, केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं भी सुचारु रूप से संचालित
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में चारधाम यात्रा 2025 निर्बाध और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। अब तक चारों धामों में 4 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो राज्य सरकार की कुशल व्यवस्थाओं का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि श्री केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं भी पूरी तरह से चालू हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल रहा है।
उन्होंने यात्रियों और आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफ़वाहों पर ध्यान न दें। राज्य सरकार यात्रा की सुरक्षा, सुविधा और समन्वय के लिए पूरी तरह सतर्क और संलग्न है।
मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन और यात्रा मार्गों पर सभी जरूरी सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
