हिन्दी दिवस पर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में कार्यक्रम आयोजित
रुद्रप्रयाग: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि,(रुद्रप्रयाग) में हिन्दी दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० दलीप सिंह बिष्ट के संरक्षण में आज ‘हिन्दी दिवस’ बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम प्राचार्य ने हिन्दी विभाग और समस्त छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि हिन्दी भाषा हमारी राष्ट्रभाषा है और हमें इसके संवर्धन के लिए हर संभव प्रयास करने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि हिन्दी हमारे देश की अस्मिता और देश का स्वाभिमान है, अतः हमें इस पर गर्व होना चाहिए। तत्पश्चात विभागाध्यक्ष डॉ० निधि छाबड़ा ने हिन्दी दिवस पर अपना उद्बोधन दिया और कहा कि हिन्दी हमारे प्राणों में रची बसी है, हमें हिन्दी को पढ़ने के साथ-साथ जीना भी है। साथ ही उन्होंने हिन्दी की महत्ता पर संक्षिप्त रूप से अपने विचार भी प्रस्तुत किए। हिन्दी विभाग की प्राध्यापिका डॉ० ममता थपलियाल ने हिन्दी भाषा की संवैधानिक स्थिति पर विचार प्रकट करते हुए हिन्दी की वर्तमान स्थिति के बारे में भी छात्र-छात्राओं को अवगत कराया।
हिन्दी विभाग की प्राध्यापिका डॉ० कृष्णा राणा ने भी हिन्दी दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए हिन्दी भाषा के प्रति रुचि उत्पन्न करने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया तथा कहा कि हिन्दी भाषा की शुद्धता और व्याकरण पर विशेष ध्यान देने की आज आवश्यकता है। प्राध्यापिका डॉ० शशिबाला पंवार ने भी कविता की पंक्तियों के साथ अपना उद्बोधन दिया और हिन्दी की दिशा एवं दशा पर प्रकाश डालते हुए हिन्दी के विकास में योगदान देने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया ।
इस अवसर पर ‘हिन्दी विभाग’ द्वारा “हिन्दी भाषा : सामर्थ्य एवं सीमाएं” विषय पर भाषण एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया।
भाषण प्रतियोगिता में स्नातक स्तर पर अंशुल, बी०ए० प्रथम सेमेस्टर ने प्रथम स्थान, अंजली नेगी, बी० ए० तृतीय सेमेस्टर ने द्वितीय स्थान, प्रियांशु मोहन, बी० ए० प्रथम सेमेस्टर ने तृतीय स्थान और रोहित बैरवाण, बी० ए० तृतीय सेमेस्टर ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
स्नातकोत्तर स्तर पर भाषण प्रतियोगिता में प्रिया, एम० ए० तृतीय सेमेस्टर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर शीतल, एम० ए० तृतीय सेमेस्टर एवं तृतीय स्थान पर प्रेरणा, एम० ए० प्रथम सेमेस्टर रहीं।
इसके पश्चात् काव्य पाठ प्रतियोगिता में स्नातक स्तर पर प्रथम स्थान भावना, बी० ए० पंचम सेमेस्टर, द्वितीय स्थान राहुल बिष्ट, बी०ए० तृतीय सेमेस्टर एवं तृतीय स्थान गीता, बी०ए० तृतीय सेमेस्टर ने प्राप्त किया।
स्नातकोत्तर स्तर की काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर मनीषा कोहली, एम०ए० तृतीय सेमेस्टर रही। द्वितीय स्थान पर प्रेरणा, एम० ए० प्रथम सेमेस्टर और तृतीय स्थान पर शीतल, एम० ए० तृतीय सेमेस्टर रहीं। डॉ० निधि छाबड़ा और डॉ० कृष्णा राणा ने इन प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका का निर्वहन किया।
मंच संचालन डॉ० ममता थपलियाल एवं डॉ० शशिबाला पंवार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर हिन्दी विषय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
