फूड सेफ्टी कम्पलाइन्स के तहत दुकानदारों के रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण को लेकर धोखाधड़ी की आशंका
टिहरीः फूड सेफ्टी कम्पलाइन्स के तहत दुकानदारों के रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण को लेकर धोखाधड़ी की आशंका बलवती होती जा रही है। दुकानदारों को फोन करके अलग-अलग रेट्स दर्शाकर कथित विभागीय फोन आने बताये जा रहे हैं।
ग्रामीण कस्बा नकोट में ऐसे ही मामले प्रकाश में आये हैं। व्यापारियों को अलग-अलग दरें दर्शाकर उनके लाईसेंस नवीनीकरण को लेकर क्यू आर कोड भेजकर शुल्क जमा करने को कहा जा रहा है। बाजार के व्यापारियों ने फूड इंसपेक्टर से इस बारे में जानकारी भी जाननी चाही मगर उन्हें संतोषजनक प्रत्युत्तर नहीं मिल पाया।
व्यापार सभा अध्यक्ष नकोट कुलदीप मखलोगा, व्यापारी नेता राजेश बैलवाल एवं गणेश उनियाल ने इस मामले में धोखाधड़ी की आशंका जताते हुए कहा कि उनके पंजीकरण के नवीनीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त है और आज ही उन्हें इस प्रकार के WhatsApp मैसेज व कॉल की जा रही हैं। तथा मैसेज में अलग-अलग नवीनीकरण दरें व विलम्ब शुक्ल दर्शाकर क्यू आर भेजा जा रहा है कि इस क्यू आर कोड पर शुल्क भिजवा दें अन्यथा आपका पंजीकरण निरस्त हो जाएगा। इसे लेकर व्यापारियों ने धोखाधड़ी की आशंका जाहिर की है।
उन्होनें बताया कि मोबा. नं. 0920194687 से कॉल तथा 6205959779 से WhatsApp मैसेज व क्यू आर कोड भेजे जा रहे हैं। उन्होंने उक्त मोबाइल नम्बरों की जांच करने की मांग की है। हालांकि इस मामले में व्यापारियों द्वारा अभी तक किसी भी प्रकार की पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं करायी गई है।
