चारधाम यात्रा मार्गों पर सुचारू पेयजल आपूर्ति के लिए तैयारियां तेज, विभागीय कार्य प्रगति पर
टिहरी ज़िले में सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य आपूर्ति और पर्यटन सुविधाओं के साथ पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान, अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
टिहरी, 22 अप्रैल 2025:
चारधाम यात्रा को सफल एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से टिहरी ज़िले में सभी संबंधित विभागों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी टिहरी, मयूर दीक्षित के निर्देशन में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्यान्न, फूड सेफ्टी और पर्यटन विभागों द्वारा यात्रा मार्गों पर सुविधाएं चाक-चौबंद की जा रही हैं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा यात्रा मार्गों पर सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैचवर्क के कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, खाद्य एवं पर्यटन विभाग द्वारा होटल व रेस्टोरेंट्स में रेट लिस्ट प्रदर्शित की जा रही है ताकि यात्रियों को पारदर्शी सेवाएं मिल सकें।
पेयजल व्यवस्था को लेकर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रशान्त भारद्धाज ने जानकारी दी कि यात्रा मार्गों पर हैंडपंपों की स्थिति की जांच की जा रही है। साथ ही उनकी रंगाई-पुताई कर उन्हें क्रियाशील बनाए जाने का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान पेयजल की कोई समस्या न हो।
प्रशासन का उद्देश्य है कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे एक सकारात्मक अनुभव के साथ लौटें।
