टिहरी जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार टिहरी ने की सख्त कार्रवाई, दुकानदारों और वाहन स्वामियों को दी चेतावनी
टिहरी/25 अप्रैल 2025 – चारधाम यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से टिहरी जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार आज तहसीलदार मोहम्मद शादाब के नेतृत्व में चम्बा नगर पालिका क्षेत्र में एक विशेष अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया।
यह अभियान मसूरी रोड, ब्लॉक रोड, गूल्डी रोड, पुरानी टिहरी रोड, टिहरी रोड एवं गजा रोड सहित मुख्य मार्गों पर संचालित किया गया। इस दौरान अनाधिकृत वाहन पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान में 30 ऐसे वाहनों के चालान काटे गए जो अवैध रूप से खड़े पाए गए। वाहन स्वामियों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सख्त हिदायत दी गई, वहीं दुकानदारों को दुकानों के बाहर सामान न रखने की चेतावनी दी गई।
तहसीलदार टिहरी ने बताया कि यह अभियान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस अभियान में चम्बा थानाध्यक्ष श्री बुटोला, अधिशासी अधिकारी प्रशांत कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष, नगर पालिका व तहसील स्टाफ के साथ-साथ पुलिस बल भी शामिल रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इसी प्रकार के अभियान अन्य व्यस्त मार्गों पर भी चलाए जाएंगे।
