टिहरी प्रशासन की सख्त निगरानी, भद्रकाली चेकपोस्ट से 2628 यात्री रवाना, यात्रा मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और पुलिस फोर्स की तैनाती
टिहरी/30 अप्रैल 2025 –
चारधाम यात्रा 2025 की शुरुआत बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने हेतु टिहरी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है।
यात्रा के पहले ही दिन तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मुनिकीरेती, ढालवाला, तपोवन सहित प्रमुख यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ब्रह्मपुरी तिराहे से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर ढालवाला की ओर भेजा जा रहा है, जबकि तपोवन क्षेत्र में डबल लेन ट्रैफिक सिस्टम लागू किया गया है।
🎥 44 कैमरों की 24×7 निगरानी
मुनिकीरेती थाने में स्थापित वायरलेस कंट्रोल रूम से 44 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्ग की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
भद्रकाली चौक, ब्रह्मपुरी तिराहा, मुनिकीरेती और ढालवाला में यातायात को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।
📋 यात्रा वाहनों की सख्त जांच
भद्रकाली चेक पोस्ट पर यात्रा वाहनों के कागजात, इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस प्रमाण पत्रों की गहन जांच की जा रही है।
परिवहन विभाग के प्रशासनिक अधिकारी दौलत राम पाण्डे ने बताया कि बीते दो दिनों में सुबह 10 बजे तक भद्रकाली चेकपोस्ट से 112 गाड़ियों में कुल 2628 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं।
