23 सितंबर को ‘एग्री-स्टार्टअप स्टेकहोल्डर्स कनेक्ट’ कार्यक्रम, करीब 300 प्रतिभागियों के जुटने की उम्मीद
श्रीनगर गढ़वाल, 21 सितंबर 2026। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय का कृषि एवं सम्बद्ध विज्ञान संकाय के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा हैदराबाद स्थित मैनेज–सेंटर फॉर इनोवेशन एंड एग्रीप्रेन्योरशिप (MANAGE-CIA) के सहयोग से 23 सितंबर 2026 को ‘एग्री-स्टार्टअप स्टेकहोल्डर्स कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि स्टार्टअप इकोसिस्टम में मौजूद चुनौतियों एवं कमियों पर चर्चा करना तथा विभिन्न हितधारकों के बीच साझेदारी, सहयोग, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित करना है।
नीति निर्माता, निवेशक और शोधकर्ता होंगे एक मंच पर
कार्यक्रम के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं, निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 300 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें कृषि विकास प्रशासक, नीति निर्माता, सरकारी अधिकारी, इनक्यूबेशन एवं नवाचार केंद्रों के प्रतिनिधि, उद्यमी, शोधकर्ता, शैक्षणिक संस्थान, किसान उत्पादक संगठन (FPO), कृषि व्यवसाय फर्म, बैंक, वेंचर कैपिटलिस्ट, स्टार्टअप सलाहकार, विद्यार्थी, ग्रामीण युवा तथा कृषि स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
स्टार्टअप और तकनीकी व्यवसायीकरण को मिल रहा सहयोग
गढ़वाल विश्वविद्यालय का इनक्यूबेशन सेंटर (IDIC) तथा स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के विभिन्न विभाग उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी के व्यवसायीकरण की दिशा में सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय की इस पहल के माध्यम से कृषि क्षेत्र में शोध एवं तकनीक को व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने तथा युवा उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं नेटवर्क उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यशालाओं और उत्पाद प्रदर्शनियों से साझा होंगे नए विचार
‘एग्री-स्टार्टअप स्टेकहोल्डर्स कनेक्ट’ में इंटरैक्टिव कार्यशालाएं, नेटवर्किंग गतिविधियां, ज्ञान साझाकरण सत्र और विशेषज्ञ चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा उन्नत कृषि प्रौद्योगिकी एवं नवीन व्यावसायिक मॉडलों को प्रदर्शित करने वाली उत्पाद प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
कार्यक्रम के संयोजक एवं डीन कृषि एवं सम्बद्ध विज्ञान प्रो. आर.एस. नेगी के अनुसार यह पहल अनुसंधान संस्थानों, स्टार्टअप और निवेशकों के बीच बेहतर संबंध एवं सहयोग विकसित करने में सहायक होगी। साथ ही इससे कृषि व्यवसाय के क्षेत्र में नवाचार एवं सतत विकास को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय एवं विभिन्न संस्थानों के मार्गदर्शन में आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह, उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्री सुभाष चंद्र नेगी, उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) एवं अध्यक्ष केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सशस्त्र सीमा बल, श्रीनगर गढ़वाल, तथा MANAGE, हैदराबाद के निदेशक डॉ. सरपन राज एवं स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
यह आयोजन कृषि क्षेत्र में अनुसंधान, तकनीक, निवेश और उद्यमिता को एक साथ जोड़ने की दिशा में एक साझा मंच उपलब्ध कराने का प्रयास है।
