शिवपुरी, बयासी और कोडियाला में राफ्टिंग का रोमांच, हजारों पर्यटक ले रहे गंगा किनारे नाइट कैंपिंग का आनंद
टिहरी/17 मई, 2025
चारधाम यात्रा के दौरान या यात्रा पूर्ण करने के बाद लौटते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए टिहरी गढ़वाल का क्षेत्र एक रोमांचक और अविस्मरणीय पड़ाव बनता जा रहा है। जनपद के शिवपुरी, बयासी और कोडियाला जैसे लोकप्रिय राफ्टिंग स्थलों पर भारी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, जहां वे गंगा नदी में रिवर राफ्टिंग और नाइट कैंपिंग का लुत्फ उठा रहे हैं।
गर्मियों में बढ़ती भीड़ के चलते बदरीनाथ हाईवे पर कई स्थानों पर रिवर राफ्टिंग सेंटर खोले गए हैं। इससे जहां स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है, वहीं पर्यटन कारोबार में भी रौनक बढ़ी है। राफ्टिंग ऑपरेटरों और स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक देखी जा रही है।
पीआरडी जवान अर्जुन भंडारी के अनुसार, पर्यटक न केवल राफ्टिंग का रोमांच ले रहे हैं, बल्कि स्थानीय संस्कृति और गंगा तट की पवित्रता का अनुभव भी कर रहे हैं। वे अपने अनुभवों को वीडियो और फोटो के ज़रिए संजो कर साथ ले जा रहे हैं। कई पर्यटक पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने का संदेश भी दे रहे हैं।
गुजरात से आए अभिनंदन ने बताया कि उनका ग्रुप चारधाम यात्रा के बाद शिवपुरी में रुककर राफ्टिंग का आनंद ले रहा है। रैपिड वेव्स के बीच का रोमांचक अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय रहा। उन्होंने अपील की कि गंगा को स्वच्छ रखने में हर यात्री अपनी भूमिका निभाए।
गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति के सचिव जसपाल चौहान के अनुसार, वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ अधिक होती है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाती है। हर राफ्ट के लिए प्रशिक्षित गाइड, लाइफ जैकेट और सेफ्टी गियर अनिवार्य हैं। शनिवार-रविवार को लगभग 350 से 400 राफ्ट गंगा में उतरती हैं और 3000 से अधिक पर्यटक राफ्टिंग का आनंद लेते हैं।
