11 से 23 जुलाई तक चलने वाले कांवड़ मेले के लिए तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय बैठक, व्यवस्थाओं में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
देहरादून, जून 2025।
कांवड़ मेला 2025 को लेकर राज्य सरकार ने कमर कस ली है। आज सचिवालय में मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में कांवड़ मेले की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि वे समयबद्ध रूप से अपनी सभी तैयारियों को पूर्ण करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान नशे में उत्पात मचाने वाले, हिंसक प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बड़े डीजे साउंड पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए ताकि धार्मिक गरिमा बनी रहे।
स्वच्छता, पेयजल, ट्रैफिक, फूड सेफ्टी पर विशेष निर्देश
मुख्य सचिव ने नगर निकायों को नियमित साफ-सफाई, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इस पर बल दिया गया। वहीं फूड सेफ्टी विभाग को खानपान की वस्तुओं की नियमित जांच सुनिश्चित करने, और पूर्ति विभाग को ओवररेटिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि यदि व्यवस्थाओं में लापरवाही पाई गई तो संबंधित विभागों पर कार्रवाई की जाएगी।
स्नान घाटों और पुलों पर विशेष प्रबंध
सिंचाई विभाग को विभिन्न स्नान घाटों, पुलों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं की समय से बैठक आयोजित कर उन्हें आवश्यक दिशानिर्देश देने को कहा गया।
कांवड़ मेला शेड्यूल:
- 11 से 23 जुलाई: कांवड़ मेला अवधि
- 13 से 17 जुलाई: पंचक
- 20 से 23 जुलाई: डाक कांवड़
- 23 जुलाई: श्रावण शिवरात्रि पर जलाभिषेक
हरिद्वार बना केंद्र बिंदु, जोन व सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र
बैठक में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा प्रजेंटेशन के माध्यम से तैयारियों की जानकारी दी गई। यातायात के लिए वैकल्पिक रूट, अस्थायी व स्थायी पार्किंग, रूट डायवर्जन प्लान को साझा किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने बताया कि कांवड़ मेले के प्रबंधन हेतु क्षेत्र को 16 सुपर जोन, 37 जोन और 134 सेक्टर में बांटा गया है। मेला संचालन से जुड़ी चुनौतियों और उनसे निपटने के लिए आवश्यक स्थायी-अस्थायी निर्माण कार्यों और बजट का विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
अन्य जिलों की तैयारियाँ:
देहरादून, पौड़ी और टिहरी जिलों ने भी अपनी तैयारी और बजटीय आवश्यकताओं से बैठक में अवगत कराया।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, आईजी के.एस. नगन्याल, जिलाधिकारी और एसएसपी हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी, टिहरी के साथ-साथ संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
