👉 भिलंगना ब्लॉक के पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
टिहरी गढ़वाल, 19 अगस्त 2025।
घनसाली क्षेत्र के युवा साहिल बिष्ट की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी मुद्दे को लेकर आज टिहरी कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने भिलंगना विकासखंड के पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला के नेतृत्व में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल से भेंट की और मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि साहिल बिष्ट की न्यायिक जांच कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए और शोकाकुल परिवार को सरकारी क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई जाए।

दुखद घटना का विवरण
तीन दिन पूर्व, घनसाली के ग्राम तीसरियाड़ा निवासी साहिल बिष्ट (उम्र 30 वर्ष) जो हरियाणा के अंबाला जिले में एक होटल “हाइवे स्टार ढाबा” में नौकरी करता था, ड्यूटी पर जाते समय कुछ गुंडों का शिकार बन गया। लुटेरों ने उनसे छिनाझपटी करते हुए चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
लहूलुहान हालत में साहिल अपने ढाबे तक पहुँचा, जहां से सहकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुँचाया। बाद में उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन दुखद रूप से इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
साहिल अपने परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य था। वृद्ध माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की मांगें
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह केवल एक हत्या का मामला नहीं, बल्कि प्रदेश के युवा की सुरक्षा और भविष्य का प्रश्न है। उन्होंने सरकार से न्यायिक जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में—
- विजय गुनसोला (पूर्व प्रमुख, भिलंगना ब्लॉक)
- शांति प्रसाद भट्ट (प्रवक्ता, उत्तराखंड कांग्रेस)
- आशा रावत (जिलाध्यक्ष, महिला कांग्रेस)
- दर्शनी रावत (प्रदेश महामंत्री, उत्तराखंड महिला कांग्रेस)
- देवेंद्र नौडियाल (पीसीसी सदस्य)
- गबर सिंह रावत (उपाध्यक्ष, शहर कांग्रेस)
- जुनेद खान (कांग्रेस नेता)
सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
