जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में लम्बगांव में आयोजित कार्यशाला में उद्यमिता, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
टिहरी गढ़वाल, 23 अगस्त 2025: जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (RBI) द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के उद्यमियों के लिए जनपद के प्रतापनगर ब्लॉक के लम्बगांव क्षेत्र में एक ब्लॉक स्तरीय कार्यशाला का आयोजन 21 अगस्त, गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी
कार्यशाला में स्वयं सहायता समूह (SHGs), ग्राम संगठन (VOs), लखपति दीदी, बैंक सखी और स्वरोजगार से जुड़े आसपास के क्षेत्रों के उद्यमियों ने सक्रिय भागीदारी की। इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (RBI), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) के सामूहिक सहयोग से किया गया।
विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना टीम – स्पोक टिहरी गढ़वाल के इंक्यूबेशन मैनेजर दिग्विजय सिंह, बीपीडीई नेहा भारद्वाज, ब्लॉक मिशन मैनेजर सचिन खंडूरी एवं आरसेटी के फैकल्टी संजीव नेगी ने प्रतिभागियों को उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं और आजीविका के श्रोतों को बढ़ाने पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
चर्चा के प्रमुख विषय
कार्यशाला में निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई:
- मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (RBI) का परिचय
- उद्यमिता के मूल सिद्धांत एवं आजीविका से उसका अंतर
- पंजीकरण प्रक्रियाएं – उद्यम पंजीकरण, FSSAI लाइसेंस, UTDB, GST पंजीकरण
- ब्रांड निर्माण एवं बिजनेस डेवलपमेंट कौशल
- उद्यमिता जागरूकता एवं सशक्तिकरण
- सरकारी योजनाओं की जानकारी
- विपणन के अवसर एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की जानकारी
70 से अधिक प्रतिभागियों की उपस्थिति
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और आवश्यक संसाधनों से जोड़ना था। यह उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। कार्यशाला में लगभग 70 स्वरोजगार से जुड़े प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
