मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तपोवन क्षेत्र में 4 अवैध निर्माणों पर कसा शिकंजा, जान–माल की सुरक्षा के लिए निर्णायक कदम
टिहरी गढ़वाल, 24 अगस्त 2025।
उत्तराखंड में प्राकृतिक जलस्रोतों और नदी-नालों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टिहरी जिला प्रशासन ने तपोवन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में टिहरी प्रशासन ने तपोवन क्षेत्र में नाले के किनारे हो रहे अवैध निर्माणों को सील कर दिया।
इस कार्रवाई के तहत जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (टी.डी.ए.) की टीम ने तपोवन (विकासखण्ड नरेंद्रनगर) में चार निर्माणों पर शिकंजा कसा। सील किए गए निर्माणों में वरुण कुमार बांगा, आरती पंवार, दुर्गेश और जंयत कुमार मलिक के निर्माण शामिल हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष नितिका खण्डेलवाल ने स्पष्ट कहा कि नालों व जलस्रोतों के किनारे निर्माण कार्य न केवल अवैध हैं, बल्कि भविष्य में आपदा की स्थिति में भारी जान–माल की हानि का कारण भी बन सकते हैं। इसी दृष्टि से इन्हें तुरंत सील कर दिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन आगे भी इसी तरह की कड़ी और सतत कार्रवाई जारी रखेगा, ताकि क्षेत्र में पारिस्थितिक संतुलन और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान मौके पर सहायक अभियंता पंकज पाठक, कनिष्ठ अभियंता विपिन कोठारी, रघुवीर सिंह और उमंग नौटियाल, सुपरवाइजर, पी.आर.डी. गार्ड तथा पुलिस बल मौजूद रहे।
