जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक सम्पन्न
टिहरी गढ़वाल, 30 अगस्त 2025। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में डीपीओ नमामि गंगे प्रोजेक्ट अरुण उनियाल ने जानकारी दी कि देवप्रयाग में 126 भवनों को सीवर लाइन से जोड़ने के लिए 5.0 के.एल.डी. को-ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण देवप्रयाग के बाह बाजार क्षेत्र में किया जा रहा है। यह कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर परीक्षण हेतु तैयार कर लिया जाएगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि मुनी की रेती क्षेत्र में लगभग 2400 घरों को सीवर लाइन से जोड़ने के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत कार्य स्वीकृत हुआ है। वर्तमान में सीवर लाइन का कार्य तेज़ी से प्रगति पर है, जिसे दिसंबर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में गंगा नदी की स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण, सीवरेज प्रबंधन, पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था और स्थानीय जनभागीदारी को और मज़बूत बनाने पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा की स्वच्छता न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का विषय है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरणीय धरोहर भी है।
बैठक में एडीएम अवधेश कुमार सिंह, उप वन संरक्षक टिहरी वन प्रभाग रश्मि ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सोबन सिंह राणा, जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान, अधिशासी अभियंता जल संस्थान टिहरी प्रशांत भारद्वाज सहित अन्य संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
