20 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने दिखाया विज्ञान के प्रति उत्साह, 10 अक्टूबर को होगा जनपद स्तरीय आयोजन
चंबा, रिपोर्ट – सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में एस.डी.एस. अटल आदर्श इंटर कॉलेज की छात्रा सलोनी ने 79 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। रा.इ.का. नागनी की छात्रा पूजा बेलवाल ने 78 अंकों के साथ द्वितीय स्थान, जबकि रा.बा.इ.का. बौराड़ी की छात्रा काजल ने 76 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सुबह 10 बजे से आयोजित इस प्रतियोगिता में चंबा प्रखंड के 20 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का विषय था – “क्वांटम युग : संभावना और चुनौतियां”। इसमें प्रतिभागियों को लिखित परीक्षा, व्याख्यान और मौखिक प्रश्नोत्तरी से गुजरना पड़ा। साथ ही प्रोजेक्टर के माध्यम से भी प्रस्तुतियां दी गईं। निर्णायकों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रतिभागियों का चयन किया।
आगामी 10 अक्टूबर को इसी स्थान पर जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक चयनित छात्रों को अवसर मिलेगा। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विज्ञान को प्रोत्साहन देने के लिए नियमित रूप से विज्ञान संगोष्ठी, विज्ञान प्रदर्शनी और विज्ञान महोत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एस.डी.एस. कॉलेज के प्रधानाचार्य आर.पी. सकलानी ने की। उन्होंने कहा कि विज्ञान की शिक्षा से छात्र राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक संगठन के पूर्व अध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कवि एवं शिक्षाविद सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने कविता के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने पूर्व की छात्रा स्मृति डबराल का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे उसने ब्लॉक स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने के बाद जिला और राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए देश में आठवां स्थान प्राप्त किया था।
इस अवसर पर निर्णायक के रूप में भारत भूषण उनियाल, राजेश रमोला और पवनेश कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम में जगदंबा प्रसाद पांडे, सरला पंवार, शैलेंद्र डोभाल, सुरेंद्र मोहन उनियाल सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। संचालन ब्लॉक विज्ञान समन्वयक वीरेन्द्र पुंडीर ने किया।
