राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं ने राज्य की संस्कृति, परंपरा और लोककला का किया प्रदर्शन
📅 दिनांक: 08 नवम्बर 2025, देहरादून
राज्य स्थापना की रजत जयंती (25वीं वर्षगांठ) के उपलक्ष्य में राजकीय महाविद्यालय देहरादून में उल्लास और उत्साह का वातावरण रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मेहंदी, रंगोली एवं पारंपरिक पकवान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति, लोक कला और खानपान की झलक पेश की। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की सृजनात्मकता और परंपरागत प्रस्तुति की सराहना की। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को राज्य स्थापना दिवस समारोह पर सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मुक्ता डंगवाल ने स्वयंसेवियों को राज्य निर्माण और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. डी.एस. मेहरा ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य की रजत जयंती हमें अपने राज्य की संस्कृति और विकास यात्रा पर गर्व करने का अवसर देती है।
सांस्कृतिक सचिव डॉ. पंकज बहुगुणा ने विद्यार्थियों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. रेनू गौतम ने छात्रों को स्थानीय उत्पादों के संरक्षण एवं उन्हें आजीविका से जोड़ने की दिशा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
निर्णायक मंडल में डॉ. उषा रानी, डॉ. माधुरी कोहली और डॉ. प्रतिभा बलूनी ने निर्णायक की भूमिका निभाई और प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। राज्य स्थापना की रजत जयंती को लेकर महाविद्यालय परिवार में विशेष उत्साह देखा गया तथा सभी प्रतिभागी आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
