कक्ष संख्या-9 में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, ओपीडी में मरीजों की संख्या में वृद्धि से बढ़ा आयुर्वेद पर विश्वास
अल्मोड़ा।
पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा के परिसर स्थित कक्ष संख्या-9 में संचालित जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय में अब मरीजों को पहले की तुलना में अधिक सुविधा और दवाइयों की बेहतर उपलब्धता मिल रही है।
इस सुधार के पीछे सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के लगातार और प्रभावी प्रयास हैं। उन्होंने आयुर्वेदिक विभाग में अनियमितताओं को लेकर चार अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई थीं, जिनमें तत्कालीन जिलाधिकारी और दो चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।
इन शिकायतों के आधार पर मामला प्रधानमंत्री कार्यालय, राज्यपाल, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव, और आयुष सचिव तक पहुंचा। परिणामस्वरूप जिलाधिकारी का स्थानांतरण हो गया है और दो चिकित्सकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
संजय पाण्डे ने अपने दावों के समर्थन में दस्तावेज़ी प्रमाण और आधिकारिक रिपोर्टें उच्चाधिकारियों को भेजीं, जिन पर आगे की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपित चिकित्सक स्वयं को “सचिव का खास आदमी” बताकर प्रभाव दिखाने का प्रयास करते रहे, किंतु अब निदेशालय ने अल्मोड़ा के लिए नए आयुर्वेदिक अधिकारी की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
इस बीच वरिष्ठ आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. गीता पुनेठा जिला अस्पताल के कक्ष संख्या-9 में मरीजों का नियमित उपचार कर रही हैं। ओपीडी में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है, जो जनमानस में आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत है।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय, अल्मोड़ा में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लें और आयुर्वेद के प्रति विश्वास बनाए रखें।
