यूनिवर्सिटी, न्यायालय, कार्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वेक्षण फार्म भरवाने के निर्देश
टिहरी | 02 जनवरी 2026
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी ए.के. सिंह ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जनपद में समान नागरिक संहिता (UCC) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने कहा कि UCC लागू होने के बाद इसका आम जनता पर क्या प्रभाव पड़ा है, इसे लेकर लोगों के मन्तव्य प्राप्त किए जाने हैं। इस कार्य हेतु DPRO को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक यूनिवर्सिटी को 50-50 सर्वेक्षण फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें भरवाकर 02 जनवरी की सायं तक जिला कार्यालय में उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार जिला न्यायालय में 25-25, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में 20-20, सीएससी सेंटरों में 25-25, मीडिया सेंटर में 20-20 तथा विभिन्न सोसायटी, संस्थाओं एवं गैर सरकारी संगठनों में 20-20 सर्वेक्षण फार्म वितरित किए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में यह कार्य संबंधित बीडीओ द्वारा तथा शहरी क्षेत्रों में ईओ नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के माध्यम से कराया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष फोकस करते हुए “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों से सर्वेक्षण फार्म भरवाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि ब्लॉकवार एवं ग्रामवार सर्वेक्षण फार्म की सीरिज नंबरिंग अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि संकलित आंकड़ों का सुव्यवस्थित विश्लेषण किया जा सके।
बैठक में एसडीएम संदीप कुमार, डीपीआरओ एम.एम. खान, संबंधित बीडीओ, ईओ नगर पालिका/नगर पंचायत एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
