अगरबत्ती, धूपबत्ती व मोमबत्ती निर्माण से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
मुनिकीरेती (टिहरी गढ़वाल)
नगरपालिका परिषद मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल द्वारा DAY-NULM योजना के अंतर्गत 8 दिवसीय धूपबत्ती, अगरबत्ती एवं मोमबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन किया गया। यह प्रशिक्षण लोक कल्याण सेवा समिति, रानीचौरी के सहयोग से आयोजित किया गया।
समापन अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं को नगरपालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम विज्लवाण, अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, सूडा प्रतिनिधि अरविंद जोशी एवं लोक कल्याण सेवा समिति के सचिव सुशील कुमार बहुगुणा द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
पहली बार नगरपालिका द्वारा आयोजित हुआ ऐसा प्रशिक्षण
यह कार्यक्रम पहली बार नगरपालिका परिषद मुनिकीरेती द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें नगरपालिका क्षेत्र के 8 स्वयं सहायता समूहों की 50 महिलाओं ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाना रहा, ताकि वे प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम
नगरपालिका अध्यक्ष नीलम विज्लवाण ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और वे आत्मनिर्भर बनकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकती हैं।
वहीं अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने कहा कि भविष्य में भी नगरपालिका परिषद द्वारा स्वरोजगार से जुड़े ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए नगरपालिका क्षेत्र में स्थान उपलब्ध कराकर सहयोग किया जाएगा।
सभी नगरपालिकाओं में होंगे ऐसे प्रशिक्षण: सूडा
सूडा प्रतिनिधि अरविंद जोशी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अन्य नगरपालिकाओं में भी चलाए जाएंगे, जिससे स्वयं सहायता समूहों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि महिलाएं बैंक ऋण के माध्यम से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाकर स्वरोजगार स्थापित कर सकती हैं।
संस्था द्वारा निरंतर दिए जा रहे रोजगारपरक प्रशिक्षण
लोक कल्याण सेवा समिति के सचिव सुशील कुमार बहुगुणा ने बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर विभिन्न प्रकार के रोजगारपरक प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण एवं शहरी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षित महिलाएं एवं समूह सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
