गोल्डन कार्ड सुविधा को लेकर पेंशनर्स में नाराज़गी: 17 मार्च को देहरादून में देंगे धरना
राजकीय सेवानिवृत्त पेंशनर्स संगठन की बैठक चंबा में संपन्न, प्रदेशभर से आईटी पार्क में जुटेंगे पेंशनर्स
चंबा (टिहरी गढ़वाल) | रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
राजकीय सेवानिवृत्त पेंशनर्स संगठन की मासिक बैठक चंबा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष जगमोहन सिंह चौहान ने की।
बैठक में प्रांतीय कार्यकारिणी से प्राप्त दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि 17 मार्च को प्रदेशभर के राजकीय सेवानिवृत्त पेंशनर्स प्रांतीय संगठन के बैनर तले देहरादून के आईटी पार्क में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके लिए संगठन की ओर से रणनीति तैयार कर ली गई है।
गोल्डन कार्ड की सुविधाएं न मिलने से पेंशनर्स में आक्रोश
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गोल्डन कार्ड से संबंधित स्वास्थ्य सुविधाएं अपेक्षित रूप से नहीं मिल रही हैं, जिसके कारण पेंशनर्स में गहरा असंतोष है।
संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस विषय सहित पेंशनर्स से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रांतीय कार्यकारिणी के समक्ष रखा जाएगा, ताकि समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।
धरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बनाई गई रणनीति
बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 मार्च को होने वाले धरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रत्येक शाखा में कोर कमेटियां गठित की जाएंगी।
संगठन के पदाधिकारियों ने सभी पेंशनर्स से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।
पेंशनर्स की व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान पेंशनर्स की व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं पर भी विस्तार से विचार किया गया। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकरण के समक्ष विषय उठाने का निर्णय लिया गया।
संगठन के 91 वर्षीय संरक्षक ईश्वरी प्रसाद कोठारी और 86 वर्षीय उपाध्यक्ष श्याम सिंह मखलोगा ने बड़ी संख्या में पेंशनर्स के संगठन से जुड़ने पर खुशी व्यक्त की।
बैठक में कोषाध्यक्ष द्वारा संगठन का आय-व्यय विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
इन पदाधिकारियों ने रखे सुझाव
बैठक में महासचिव अनंत नारायण बहुगुणा, संगठन प्रवक्ता सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’, सह-प्रवक्ता गुरु प्रसाद बहुगुणा और राजेंद्र नकोटी ने चर्चा में भाग लेते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर शिव सिंह राणा, लखीराम उनियाल, भगवती प्रसाद बिजल्वाण, रमेश प्रसाद बिजल्वाण, हर्षमणि बहुगुणा, गुरु प्रसाद उनियाल, जगदीश प्रसाद थपलियाल, पी.डी. थपलियाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
