आपदा प्रभावित गांवों के विस्थापन को लेकर प्रशासन गंभीर, 58 परिवारों के पुनर्वास पर मंथन
एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित, मानसून से पहले सभी प्रभावित परिवारों के विस्थापन की तैयारी तेज
घनसाली, टिहरी गढ़वाल, 18 मई 2026 | SKS News।
टिहरी जनपद में आपदा प्रभावित गांवों के विस्थापन और पुनर्वास को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आपदा प्रभावित गांवों के विस्थापन संबंधी एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील बालगंगा एवं घनसाली क्षेत्र के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास विषय पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि तहसील बालगंगा के एक गांव के 07 परिवार तथा घनसाली क्षेत्र के 10 गांवों के 51 परिवारों सहित कुल 58 परिवारों का आपदा के अंतर्गत विस्थापन प्रस्तावित है। प्रशासन द्वारा इन परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
बैठक के दौरान तहसीलदार घनसाली ने अवगत कराया कि प्रभावित गांवों के कुछ परिवारों ने विस्थापन के लिए असहमति व्यक्त की है। इसके अलावा कई ऐसे परिवार भी हैं, जिनके आपदा प्रभावित भवनों के अतिरिक्त गांव में अन्य सुरक्षित भवन उपलब्ध हैं।
इस पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आगामी मानसून के दौरान कोई भी प्रभावित व्यक्ति या परिवार विस्थापन से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रभावित परिवार की पत्रावलियां बिंदुवार तैयार कर आगामी 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
प्रशासन का उद्देश्य है कि मानसून से पूर्व सभी संवेदनशील और जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वासित किया जा सके, जिससे किसी भी संभावित आपदा से जनहानि और नुकसान को रोका जा सके। बैठक में उप जिलाधिकारी घनसाली, रजिस्ट्रार कानूनगो सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
