कोटी कॉलोनी–डोबरा चांठी पर्यटन मार्ग के भूमि अर्जन मामलों पर डीएम ने सुनी भू-स्वामियों की आपत्तियां
परिसंपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन को लेकर समीक्षा बैठक, पांच मामलों में दोबारा सर्वे के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 26 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में प्रस्तावित कोटी कॉलोनी–डोबरा चांठी पर्यटन मोटर मार्ग निर्माण परियोजना को लेकर भूमि अर्जन एवं परिसंपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन संबंधी मामलों पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने भू-स्वामियों की आपत्तियों की सुनवाई की।
तहसील टिहरी के अंतर्गत आयोजित इस बैठक में भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा-33 के अंतर्गत अर्जित भूमि एवं परिसंपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक में पर्यटन मार्ग निर्माण हेतु अर्जित भूमि पर स्थापित परिसंपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन के संबंध में गठित समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व में 18 काश्तकारों द्वारा परिसंपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन की मांग की गई थी, जिसके बाद अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया था।
गठित समिति द्वारा दोबारा सर्वे कर परिसंपत्तियों का मूल्यांकन किया गया। समीक्षा के दौरान 13 भू-स्वामियों ने समिति की रिपोर्ट पर सहमति जताई, जबकि 5 मामलों में पुनः सर्वे और मूल्यांकन के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने दीपक नेगी, लक्ष्मण सिंह, गंभीर सिंह, देवेंद्र सिंह एवं अरविंद मोहन उनियाल की परिसंपत्तियों का दोबारा मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। समिति को तीन दिनों के भीतर पुनः सर्वे कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि अर्जन और मुआवजा संबंधी सभी प्रक्रियाएं पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ पूरी की जाएं, ताकि प्रभावित भू-स्वामियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
बैठक में एसडीएम टिहरी कमलेश, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, जगदीश खाती, एसएलओ कार्यालय से नायब तहसीलदार प्राची बहुगुणा, बीना सेमवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं भू-स्वामी उपस्थित रहे।

