आयुक्त रंजना राजगुरु ने टिहरी के आयुष एवं होम्योपैथी चिकित्सालयों का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर
बौराड़ी और चंबा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों सहित होम्योपैथिक केंद्रों का लिया जायजा, आयुष उपचार पद्धति के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 30 मई 2026, SKS News।
राजस्व परिषद आयुक्त एवं सचिव तथा आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव रंजना राजगुरु ने शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के विभिन्न आयुष एवं होम्योपैथी चिकित्सालयों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रभावी प्रचार-प्रसार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
आयुक्त रंजना राजगुरु ने आयुष विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति लोगों के स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि आयुष उपचार से लाभान्वित मरीजों के सकारात्मक अनुभवों को जन-जन तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिकाधिक लोग इन चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा सकें।
बौराड़ी आयुष चिकित्सालय में योग एवं पंचकर्म सेवाओं का किया निरीक्षण
मुख्यालय नई टिहरी के बौराड़ी स्थित जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित आयुष चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने योग कक्ष एवं पंचकर्म चिकित्सा इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने उपचाराधीन मरीजों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने चिकित्सालय में दी जा रही सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए पंचकर्म सुविधाओं के विस्तार की मांग की।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा ने आयुक्त को पंचकर्म चिकित्सा के अंतर्गत संचालित जलौका चिकित्सा, कटि वस्ति, जानु वस्ति, शिरोधारा, मर्म चिकित्सा, क्षारसूत्र चिकित्सा, सर्वांग स्वेदन, नाड़ी स्वेद, धारा चिकित्सा एवं आश्योतन चिकित्सा जैसी विभिन्न उपचार पद्धतियों की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, डॉ. कर्णपाल सिंह, डॉ. विनोद रावत, डॉ. सत्यवीर रावत, पंचकर्म सहायक विकास प्रसाद एवं रजनी सेमवाल भी उपस्थित रहे।
चंबा आयुर्वेदिक चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
इसके पश्चात आयुक्त ने चंबा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने औषधियों की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर एवं पंचकर्म चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा की तथा मरीजों से उपचार संबंधी अनुभव साझा करने को कहा।
इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विषा भूषण, डॉ. संदीप कटियार, डॉ. प्रेषिका उनियाल एवं फार्मासिस्ट अरविंद सेमवाल उपस्थित रहे।
होम्योपैथी सेवाओं की गुणवत्ता पर भी दिया विशेष ध्यान
आयुक्त रंजना राजगुरु ने जिला चिकित्सालय बौराड़ी स्थित स्टेट होम्योपैथिक डिस्पेंसरी का निरीक्षण करते हुए वहां संचालित स्किन सेंटर का अवलोकन किया, जहां त्वचा रोगों का उपचार किया जाता है।
इसके बाद उन्होंने चंबा ब्लॉक रोड स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित होम्योपैथिक डिस्पेंसरी का निरीक्षण कर औषधि वितरण व्यवस्था एवं उपचार सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। डॉ. बेला शाह ने चिकित्सालय की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. शैलेन्द्र प्रसाद, डॉ. नेहा सकलानी, फार्मासिस्ट बबीता गुसाईं एवं प्रमोद कुमार भी उपस्थित रहे।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुष एवं होम्योपैथी चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ एवं जनहितकारी बनाया जाए, ताकि ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने निकट ही उपलब्ध हो सकें।
