मदननेगी तहसील दिवस में उठीं जनसमस्याएं, एडीएम ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास, पेयजल बिल, गैस आपूर्ति और केवाईसी संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 02 जून 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल के उपतहसील मदननेगी में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में किया गया। निर्धारित रोस्टर के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी घनसाली मंजू राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। तहसील दिवस के माध्यम से क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। साथ ही विभागीय स्टॉल लगाकर लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
तहसील दिवस में 18 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की गई, जबकि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 40 आवेदनों का पंजीकरण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में ग्राम कफलोग निवासी फूला देवी ने अपर जिलाधिकारी को बताया कि उनके पास वर्तमान में आवास की सुविधा नहीं है तथा उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। इस पर एडीएम ने खंड विकास अधिकारी जाखणीधार को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम खोला, पट्टी धारमंडल के ग्रामीणों ने पेयजल बिल अत्यधिक आने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जल संस्थान के अधिकारियों को शिकायत का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं जलवाल गांव के ग्राम प्रधान ने क्षेत्र में गैस आपूर्ति से संबंधित समस्या उठाई, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम सांदणा निवासी फ्योंला देवी ने शिकायत करते हुए बताया कि वह भारत गैस एजेंसी की उपभोक्ता हैं, लेकिन कई बार नई टिहरी गैस एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उनकी केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में अधिकांश शिकायतें मौखिक रूप से प्राप्त हुईं, जिनमें से कई का मौके पर ही संबंधित विभागों के सहयोग से समाधान किया गया। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सभी विभागीय अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाएगा।
