टिहरी में बनेगा स्मार्ट पर्यटन एवं निगरानी नेटवर्क: डीएम नितिका खण्डेलवाल ने दिए स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के निर्देश
ADB सहायतित SICRTD परियोजना के तहत ‘Smart Component & Smart Loop’ उप-परियोजना पर हुई समीक्षा बैठक, चंबा चौक पर PTZ कैमरा, PAS सिस्टम, ANPR कैमरा एवं स्मार्ट पोल लगाने पर जोर
टिहरी गढ़वाल, 9 जून 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में एडीबी (ADB) द्वारा सहायतित “SICRTD” परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित उप-परियोजना “Smart Component & Smart Loop” की डीपीआर (Detailed Project Report) के विभिन्न घटकों की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्यटन सेक्टर विशेषज्ञ आशीष शर्मा ने परियोजना के स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर घटकों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि यह परियोजना आईसीसीसी (ICCC) आधारित आधुनिक शहरी प्रबंधन प्रणाली पर आधारित होगी। इसके अंतर्गत स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, एआई आधारित वीडियो एनालिटिक्स युक्त सीसीटीवी सर्विलांस, स्मार्ट पोल, ईवी चार्जिंग सुविधा, डिजिटल बिलबोर्ड, पर्यावरण सेंसर, स्मार्ट लाइटिंग तथा फाइबर आधारित सिटी नेटवर्किंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने निर्देश दिए कि वर्तमान में संचालित सभी कैमरा नेटवर्क का विस्तृत मानचित्र तैयार कर प्रस्तावित नेटवर्क के साथ समेकित किया जाए ताकि संसाधनों की पुनरावृत्ति से बचा जा सके और निगरानी व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके। उन्होंने कहा कि परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के सुझावों को भी शामिल किया जाना आवश्यक है।
बैठक में जिलाधिकारी ने चंबा चौक पर पीटीजेड (PTZ) कैमरा के साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PAS) स्थापित करने, चंबा–कोटी नैल मार्ग पर एएनपीआर (ANPR) कैमरा लगाने तथा अधिक जनसंख्या वाले क्षेत्रों एवं पार्किंग स्थलों पर ईवी चार्जिंग सुविधा से युक्त स्मार्ट पोल विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट बस शेल्टरों में रियल टाइम पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम एवं ट्रैकिंग सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विशेष बल दिया।
बैठक के दौरान परियोजना के अंतर्गत आवश्यक मानव संसाधन (मैनपावर) की भी समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विशेष रूप से बोटिंग पॉइंट्स एवं जेटी क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक आधारित सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के के.एस. नेगी, ईओ चंबा प्रशांत चौधरी, ईई यूपीसीएल डी.पी. आर्य, एसडीओ बीएसएनएल विवेक पंवार, जीआईएस एक्सपर्ट इप्शिता, स्मार्ट आईटी से प्रदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
