ओबीसी आयोग के उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान ने की क्षेत्रीय समस्याओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जनहित में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिला सभागार में आयोजित बैठक में पुनर्वास, पेयजल, समाज कल्याण एवं पर्यटन से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल भी रहीं मौजूद
टिहरी गढ़वाल, 17 जून 2026, SKS News।
उत्तराखण्ड पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जाधारी राज्यमंत्री) खेम सिंह चौहान एवं जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की संयुक्त अध्यक्षता में जिला सभागार में विभिन्न क्षेत्रीय समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह तोमर सहित जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान क्षेत्रीय विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए विभागीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित रहने के बजाय योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने पर बल दिया।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने पुनर्वास विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों को प्रमुखता से उठाया। कई लोगों ने मुआवजा प्राप्त न होने, लंबित मामलों में अपेक्षित कार्रवाई न होने तथा पुनर्वास से संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग की। इसके अतिरिक्त पेयजल आपूर्ति, समाज कल्याण विभाग की योजनाओं, पर्यटन विकास तथा अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों एवं जनसमस्याओं का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर संबंधित व्यक्तियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जनहित के मामलों में समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य शीशपाल राणा, प्रधान युद्धवीर सिंह रावत, विकास गुसाईं, नरेन्द्र सिंह, सुखदेई देवी, लीला देवी, मीनाक्षी कैन्तुरा, सरस्वती तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्रीय विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आए।
