निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 13 अगस्त तक दर्ज होंगी दावे एवं आपत्तियां
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया पर दिया जोर, 15 सितम्बर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
टिहरी गढ़वाल, 15 जुलाई 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
13 अगस्त तक दर्ज होंगी दावे एवं आपत्तियां
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि जनपद की प्रारूप (ड्राफ्ट) निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जा चुकी है। इस पर 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद 11 सितम्बर 2026 तक सुनवाई एवं सभी दावों-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा 15 सितम्बर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
जनपद में बढ़े मतदान केन्द्र
बैठक में बताया गया कि जनपद में मतदान केन्द्रों की संख्या 963 से बढ़कर 994 हो गई है। विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केन्द्रों का विवरण इस प्रकार है—
- घनसाली – 161
- देवप्रयाग – 158
- नरेंद्रनगर – 175
- प्रतापनगर – 153
- टिहरी – 156
- धनोल्टी – 191
1.17 लाख से अधिक मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट रोल से पूर्व जनपद में 5,07,253 मतदाता पंजीकृत थे, जबकि प्रारूप निर्वाचक नामावली में यह संख्या 4,63,628 है।
उन्होंने बताया कि—
- 1,04,402 मतदाता विसंगति (Anomalies) श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं।
- 13,126 मतदाता अनमैप्ड (Unmapped) श्रेणी में हैं।
इस प्रकार कुल 1,17,528 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे।
विधानसभा क्षेत्रवार विसंगति वाले मतदाता
- घनसाली – 19,024
- देवप्रयाग – 16,031
- नरेंद्रनगर – 18,379
- प्रतापनगर – 14,343
- टिहरी – 15,918
- धनोल्टी – 20,707
ECI Net App से स्वतः तैयार होंगे नोटिस
बैठक में बताया गया कि सभी नोटिस ECI Net App के माध्यम से स्वतः तैयार किए जाएंगे। नोटिस मुख्य रूप से निम्न मामलों में जारी होंगे—
- अनमैप्ड मतदाता
- विसंगति वाले मतदाता
- दावे एवं आपत्तियों से संबंधित प्रकरण
मुख्य विसंगतियों में माता-पिता एवं मतदाता की आयु में असामान्य अंतर, भाई-बहनों की आयु में अत्यधिक कम अंतर, एक परिवार में छह से अधिक संतानों का मैप होना तथा मतदाता अथवा उनके संबंधियों के नाम में त्रुटियां शामिल हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए क्लस्टर आधारित सुनवाई
बैठक में बताया गया कि सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) द्वारा विधानसभा क्षेत्रवार सुनवाई की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रत्येक सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO) को उनके कार्यक्षेत्र के अनुसार मतदान केन्द्र आवंटित किए गए हैं।
दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निकटवर्ती मतदान केन्द्रों के क्लस्टर बनाकर सुनवाई आयोजित की जाएगी, ताकि लोगों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े। मानसून की परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकतानुसार सुनवाई स्थलों एवं तिथियों में व्यावहारिक संशोधन भी किया जा सकेगा।
राजनीतिक दलों को दी गई आवश्यक जानकारी
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नोटिस मिलने की स्थिति में सुनवाई के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
डीएम ने की सहयोग की अपील
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी राजनीतिक दलों एवं मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त होंगे, जिनकी मैपिंग नहीं हो पाई है अथवा जो ASD श्रेणी में चिन्हित हैं, वे निर्धारित समयावधि में आवश्यक अभिलेखों सहित अपना पक्ष अवश्य प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि ERO, AERO एवं अतिरिक्त AERO द्वारा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाएगा और सभी से अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
