चंबा बीडीसी बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर कार्रवाई के निर्देश
पेयजल, सड़क, स्वच्छता, पंचायत भवन, खेल सुविधाएं और मेडिकल कॉलेज सहित कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
चंबा, टिहरी गढ़वाल | 06 अगस्त 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड चंबा में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुमन सजवाण की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन एवं राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चंबा क्षेत्र ने प्रदेश को अनेक प्रेरणादायी उदाहरण दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल विकास योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना भी उनका दायित्व है।
उन्होंने ग्राम स्वच्छता को सामाजिक दायित्व बताते हुए कहा कि स्वच्छ गांव ही स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि ओएनजीसी के सहयोग से क्षेत्र में 2,000 सोलर लाइटें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनका वितरण चरणबद्ध ढंग से किया जाएगा।
विधायक ने यह भी कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित टिहरी दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में टिहरी पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान स्थापित करेगा।
जिलाधिकारी ने दी SIR अभियान की जानकारी
बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी पात्र मतदाताओं से समय पर आवेदन करने की अपील की।
14 लाख की कूड़ा निस्तारण वाहन को दिखाई हरी झंडी
बैठक के दौरान विधायक किशोर उपाध्याय की विधायक निधि से 14 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए कूड़ा निस्तारण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन क्षेत्र में गीले एवं सूखे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण में सहायक होगा। इस पहल का सदन के सदस्यों ने स्वागत किया।
जनप्रतिनिधियों ने उठाए विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे
बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास प्रस्तावों को प्रमुखता से रखा।
- प्रवीण नेगी (सौन्दकोटी) ने पेयजल टंकी की पाइपलाइन के लिए चैंबर निर्माण की मांग रखी।
- सुशील कुमार बहुगुणा ने रानीचौरी पंतनगर क्षेत्र की जर्जर पेयजल पाइपलाइन के स्थायी समाधान की मांग की।
- नीलम सजवाण (प्रधान, गुल्डी) ने एनएच-94 पर ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप्स एवं डिवाइडर लगाने का प्रस्ताव रखा।
- मंजू नेगी (प्रधान, डारगी) ने युवाओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।
- दर्शनी भंडारी (प्रधान, स्यूटा छोटा) ने पुराने विद्युत तार बदलने का मुद्दा उठाया।
- प्रवीण सिंह भंडारी (प्रधान, भंडारगांव) ने पंचायत भवन के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार की मांग रखी।
- सरोजनी देवी (प्रधान, गुनोगी) ने सोलर लाइटें लगाने का प्रस्ताव रखा।
- अंजना (क्षेत्र पंचायत सदस्य, कुठ्ठा) ने नए पंचायत भवन एवं इंटरलॉक टाइल मार्ग निर्माण की मांग की।
इसके अतिरिक्त वन विभाग, श्रम विभाग, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, यूरेडा एवं अन्य विभागों से संबंधित कई विकास प्रस्ताव भी बैठक में प्रस्तुत किए गए।
प्रस्तावों पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में प्राप्त प्रस्तावों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में ज्येष्ठ उपप्रमुख संजय मैठाणी, कनिष्ठ उपप्रमुख सरोजनी मखलोगा, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, डीडीओ मो. असलम, क्षेत्र पंचायत सदस्य, प्रधानगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
