टिहरी के 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन, मंत्री रेखा आर्या ने तैयारियों की समीक्षा कर समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के दिए निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 22 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों और सफल आयोजन को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक से पूर्व मंत्री रेखा आर्या ने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। समीक्षा बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान न हो।
टिहरी में 2017 आंगनबाड़ी केंद्र, 2012 सक्रिय
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बैठक में बताया कि जनपद टिहरी गढ़वाल में कुल 2017 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनमें से 2012 केंद्र सक्रिय हैं। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम जनपद के सभी विकासखंडों में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अन्य लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने एवं उनका लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर रहेगा।
महिलाओं से होगा संवाद, योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
मंत्री रेखा आर्या ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएं। साथ ही महिलाओं एवं अभिभावकों के साथ संवाद कर उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, पोषण माह और टेक होम राशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रमों को आंगनबाड़ी केंद्रों की निर्धारित समयावधि में ही पूरा करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बच्चों, माताओं और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां होंगी सम्मानित
मंत्री ने कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में योजनाओं से लाभान्वित लोगों द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए जाएंगे।
मानदेय बढ़ाने की मांग पर मंत्री ने दिया आश्वासन
समीक्षा बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मंत्री रेखा आर्या के समक्ष मानदेय बढ़ाने का विषय भी रखा। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि मानदेय बढ़ाने की मांग को जल्द पूरा करने के लिए प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के आयोजन और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर राज्य के विभिन्न जिलों में भी समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। (Dev Bhumi E-Media –)
बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, डीडीओ मो. असलम, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इन्दु डंगवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोविन्द रावत सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
