स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का लिया जायजा, आशा कार्यकत्रियों को अधिकतम लोगों को जोड़ने के दिए निर्देश
नई टिहरी। भारत सरकार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अपर सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की मिशन निदेशक, श्रीमती आराधना पटनायक, आईएएस, ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) देवप्रयाग का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया और स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविरों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी राष्ट्रीय जनउपयोगी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर सुनिश्चित किया जाए।
अपर सचिव ने उपस्थित आशा कार्यकत्रियों को विशेष निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य शिविरों से जोड़ा जाए, ताकि अधिकाधिक लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड की निदेशक डॉ. रश्मि पंत, विकासखण्ड देवप्रयाग की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अंजना, एवं चिकित्सालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
